सोनभद्र के मधुपुर में हाइवे के सर्विस लेन में हुए अतिक्रमण पर प्रशासन ने चलाया बुल्डोजर।

सोनभद्र के मधुपुर में हाइवे के सर्विस लेन में हुए अतिक्रमण पर प्रशासन ने चलाया बुल्डोजर। 



(रिपोर्ट -धर्मेन्द्र कुमार सिंह/नेहा सिंह/क्राइम रिपोर्टर/सोनभद्र)



सोनभद्र। जनपद के रावर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत मधुपुर बाजार के पास वाराणसी शक्तिनगर मुख्यमार्ग पर सर्विस लेन में अतिक्रमण पर जिला प्रशासन की कार्रवाई देखने को मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय लोगों ने सोनभद्र जिला प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के लिए लिखित प्रार्थना पत्र दिए थे तथा आई जी आर एस के जरिए भी संबंधित विभाग से मदद की गुहार लगाई थी। इसी क्रम में 30 जनवरी 2026 को सुकृत चौकी प्रभारी रविकांत मिश्र के नेतृत्व में मधुपुर बाजार के पास ध्वनि विस्तारक यंत्र (माइक) से लोगों को सूचित किया गया था कि लोग स्वयं ही सर्विस लेन को खाली कर दें नहीं तो अगले दिन प्रशासन के द्वारा सर्विस लेन खाली कराया जाएगा। इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 को पेट्रोलिंग टीम डीपीएम मैनेजर सदानंद यादव, रूट पेट्रोल आफिसर रामशैलेश यादव व मुकेश दुबे सहित सुकृत चौकी प्रभारी रविकांत मिश्र, हेड कांस्टेबल भरत यादव, सुगंध, अखिलेश सहित सुकृत चौकी की टीम मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन लगाकर सर्विस लेन को खाली कराया गया। हालांकि की ज्यादातर लोग स्वयं ही प्रशासनिक कार्रवाई की डर से सर्विस लेन को खाली कर दिए थे। 



अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदारों ने कैसे तंज-

प्रशासन व विभाग के द्वारा जब संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाया जा रहा था तो उस दौरान कुछ दुकानदारों के द्वारा तंज कसा गया और कहा गया कि ये चार दिन की चांदनी वाली कार्रवाई है ये। तथा रोजी रोटी की दुहाई देते हुए टिप्पणी करने लगे कि हम कहां जाएंगे कमाने खाने। इसपर उपस्थित क्षेत्रीय लोगों ने जबाब दिया कि क्या सर्विस लेन पर अतिक्रमण करने से कमाई है ? भले ही दुर्घटना में किसी की मौत हो जाए ? भले ही आवागमन बाधित हो जाए ? 



इस कार्रवाई से प्रशासन की सराहना करते दिखे लोग-

इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि अतिक्रमण के हटने से पैदल आने-जाने वाले तथा बाइक सवार लोगों को बहुत बड़ी राहत मिली है। लोगों का कहना है कि मधुपुर में सबसे ज्यादा दुर्घटना सर्विस लेन पर हुए अतिक्रमण के कारण ही होता रहा है, लेकिन प्रशासन की इस कार्रवाई से सुरक्षा की थोड़ी उम्मीद जगी है। 



दुबारा अतिक्रमण करने वालों पर हो सकती है बड़ी कार्रवाई -

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ऐसे लोग जो लगातार प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करके अतिक्रमण कर रहे हैं उनपर जिला प्रशासन सख्त से सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है तथा भविष्य में ऐसी स्थिति बनती है तो उनका चालान भी किया जा सकता है। 

अतिक्रमण करने से बचें। अपनी सुरक्षा के साथ ही साथ सबकी सुरक्षा का रखें ध्यान - उषा देवी (जिला पंचायत सदस्य मधुपुर)

नेशनल हल्लाबोल न्यूज चैनल ने इस विषय पर जब जिला पंचायत सदस्य से राय लेनी चाही तो उन्होंने एक ही शब्द में स्पष्ट रूप से कहा कि मधुपुर में सर्विस लेन पर हुए अतिक्रमण की वजह से लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। जिसकी हम घोर निन्दा करते हैं। जिला पंचायत सदस्य मधुपुर ऊषा देवी ने लोगों से अपील किया कि जितने भी दुकानदार हाइवे के सर्विस लेन के पास हैं वे स्वयं ही अतिक्रमण न करें, जिससे कि आवागमन सुचारू रूप से चल सके और आम जनमानस सुरक्षित आ-जा सकें। उन्होंने आगे कहा कि अवैध आटो स्टैंड और मार्केट के पास खड़ी बड़ी गाड़ियों की वजह से भी बड़ा हादसा होता है इसलिए प्रशासन को चाहिए कि उनपर भी अंकुश लगाए। 

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से की अपील -

इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर एक उम्मीद जगी है इसलिए क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन सोनभद्र से अपील किया है कि वे मधुपुर में हाइवे पर अवैध आटो स्टैंड और बड़ी गाड़ियों के खड़े होने से जो समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं उसको भी जल्द से जल्द संज्ञान लें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ